(रिपोर्ट: नंद किशोर मंडल, पाकुड़)
संविधान दिवस पर हिरणपुर थाना परिसर आज अनुशासन, सम्मान और संवैधानिक मूल्यों की ऊर्जा से भर उठा। कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने किया, जिन्होंने पूरे सम्मान के साथ पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को संविधान की शपथ दिलाई।
इस दौरान थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह का जोश, नेतृत्व और संवैधानिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता साफ झलकती दिखी। उन्होंने कहा भारतीय संविधान सिर्फ एक किताब नहीं, यह देश की आत्मा है। कानून व्यवस्था को मजबूती से कायम रखना हमारा कर्तव्य है और हमें हर स्थिति में संविधान की मर्यादा में रहकर जनता की सेवा करनी है।
उन्होंने पुलिस बल को कड़े शब्दों में संदेश दिया कि लोकतंत्र के प्रहरी होने के नाते निष्पक्षता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से बड़ा कोई विकल्प नहीं है। थाना प्रभारी ने आगे कहा कि हिरणपुर थाना की पहचान पारदर्शिता, तत्परता और जनता के विश्वास से बनती है, और इसे बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों में विशेष उत्साह देखा गया। सभी ने संविधान की गरिमा को बनाए रखने, जनता की सुरक्षा को सर्वोपरि रखने और हर हाल में कानून का पालन कराने का संकल्प लिया।
हिरणपुर थाना में आयोजित यह कार्यक्रम थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह के सक्षम नेतृत्व और अनुशासनप्रिय कार्यशैली का एक और उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।