
अनमैरिड कपल्स को होटल में रूम देने के लिए लोकप्रिय ओयो एप ने अब अपने चेक इन नियमों में बड़ा बदलाव किया है। हालांकि अभी यह बदलाव सिर्फ उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में लागू किया गया है। ओयो ने अब नियम को बदलते हुए अविवाहित जोड़ों को रूम नहीं देने का फैसला किया है। अब अविवाहित जोड़े ओयो एप के जरिए होटल में रूम बुक नहीं कर पाएंगे।
कंपनी का यह फैसला सामाजिक संगठनों के हस्तक्षेप के बाद आया है जहां कई सामाजिक संगठनों ने कंपनी के इस नियम का विरोध किया था। भविष्य में यह अनुमान लगाया जा सकता है कि यह नियम देश के अन्य हिस्सों में भी लागू हो जाए। ओयो के नियम में यह बदलाव जनवरी 2025 से लागू हो चुका है। लोगों को चेक इन करते समय अब अपने संबंधों के प्रमाण पेश करने पड़ सकते हैं। ओयो के रीजनल हेड पवन शर्मा ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा कि कंपनी सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है और सामाजिक संगठनों और देश में लागू नियमों का पालन भी करती रहेगी। जरूरत पड़ी तो भविष्य में और ऐसे बदलाव किए जा सकते हैं।