नीलांबर पीतांबरपुर : झारखंड सरकार के संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने लेस्लीगंज में हवाई अड्डा निर्माण की मांग को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि इस विषय में केंद्र सरकार को पत्र लिखा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर वे स्वयं दिल्ली जाकर संबंधित मंत्रालय के समक्ष यह मुद्दा मजबूती से उठाएंगे।
लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के गोराडीह टोली में हवाई अड्डा निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने मंत्री राधा कृष्ण किशोर को एक मांग पत्र सौंपा। यह मांग पत्र उन्हें पाकी से लौटने के क्रम में लेस्लीगंज के व्यवसायी राजू गुप्ता के आवास पर दिया गया। मांग पत्र में बताया गया कि गोराडीह में लगभग 71 एकड़ भूमि उपलब्ध है, जो जिला मुख्यालय से मात्र 17 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे हवाई अड्डा निर्माण की संभावनाएं मजबूत हैं।
ग्रामीणों ने इसके साथ ही बसोरा में एक खेल स्टेडियम निर्माण की भी मांग रखी। मांग पत्र प्राप्त करते हुए मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने आश्वासन दिया कि सरकार इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करेगी और इसे कार्यान्वित कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर सनातन धर्म सभा के केंद्रीय अध्यक्ष अजीत तिवारी, मुखिया अरविंद शुक्ला, पूर्व मुखिया मोहम्मद आलम, बलकेश पासवान, रामप्रकाश तिवारी, चंदन दुबे, अवध किशोर राय, मंजीत यादव, सत्य प्रकाश गुप्ता, भगवान साहू, प्रेम कुमार, पंकज श्रीवास्तव, शैलेश दुबे, मुरलीधर दुबे, राशिद अनवर, दीपक गिरी, पूर्व मुखिया मनोरंजन दुबे, शिव शंकर राम, ज्ञान प्रकाश राय, उमाशंकर, नितेश कुमार, जयप्रकाश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।