
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित बोधगया दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं की भूमिका और बूथ स्तर तक जिम्मेदारी तय करने पर दिया जोर
बिहार राज्य के नगर एवं आवास विकास मंत्री जीवेश मिश्रा का आज औरंगाबाद दौरा सफल रहा। शहर के अशोक भवन में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य सरकार की विकासपरक योजनाओं और उपलब्धियों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार शहर से लेकर गांव तक हर क्षेत्र में विकास कार्य कर रही है।
मंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि आगामी दो दिनों बाद माननीय प्रधानमंत्री का एक कार्यक्रम बोधगया में प्रस्तावित है, जो बिहार विधानसभा चुनावों की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। इस संदर्भ में उन्होंने पूर्व एमएलसी राजन कुमार सिंह से चर्चा की और कहा कि कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं की एकजुटता का भाव साफ झलकना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अन्य पार्टियों की तरह पारिवारिक पार्टी नहीं है बल्कि यह कार्यकर्ताओं की पार्टी है और जिले में संगठन की जिम्मेदारी आप जैसे कर्मठ कार्यकर्ताओं पर ही है।
इसके बाद मंत्री जीवेश मिश्रा ने पूर्व एमएलसी के आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं संग बैठक की। बैठक में औरंगाबाद विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों और वार्डों की चर्चा हुई। साथ ही उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जाएं और सुनिश्चित करें कि हर बूथ पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से तय हो।