पाकुड़/महेशपुर: महेशपुर थाना क्षेत्र में सोमवार रात अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। बैंक कलेक्शन से लौट रहे एक कर्मी पर घात लगाकर हमला किया गया और उनके पास मौजूद ₹3,43,600 नकद लूटकर बदमाश अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित अनुप कुमार भगत ने थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि 16 फरवरी की रात करीब 8 बजे वे RBL Bank से कलेक्शन कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुनसान रास्ते में दो अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल अनुप किसी तरह पास स्थित Fusion Microfinance कार्यालय पहुंचे, जहां सहकर्मियों ने उन्हें तत्काल महेशपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई है, हालांकि सिर में गहरी चोट के कारण उन्हें निगरानी में रखा गया है।
घटना को लेकर महेशपुर थाना में कांड संख्या 16/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस दुस्साहसिक वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में आपराधिक घटनाओं में इजाफा हुआ है, जिससे आमजन और वित्तीय संस्थानों से जुड़े कर्मियों में भय का माहौल है।
फिलहाल, पुलिस की सक्रियता और कार्रवाई पर सबकी नजर टिकी है—क्या इस सनसनीखेज लूट का जल्द खुलासा हो पाएगा, यह आने वाला वक्त बताएगा।