लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने इंजीनियरिंग कॉलेज बसौरा के समीप से दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई है, जिसे बिहार के मुजफ्फरपुर ले जाया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रांची जिले के मांडर थाना क्षेत्र के बहेरा टोली निवासी अरसद अंसारी (24 वर्ष) और अनिल साहू (30 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों एक बिना नंबर की कार में अवैध शराब की खेप लेकर जा रहे थे। लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय स्रोत से सूचना मिली थी कि रांची से पांकी-लेस्लीगंज मार्ग होते हुए एक वाहन से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बिहार भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी।
इंजीनियरिंग कॉलेज बसौरा के पास घेराबंदी कर पुलिस ने एक बिना नंबर की कार को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वाहन से कुल 266 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की, जिसमें 218 बोतल फुल और 48 बोतल हाफ शामिल हैं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से लोड की गई थी और इसके पीछे किस गिरोह का हाथ है।
गौरतलब है कि झारखंड से बिहार की ओर शराब तस्करी के कई मामले पूर्व में भी सामने आ चुके हैं। बिहार में शराबबंदी लागू होने के कारण सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी की गतिविधियां बढ़ी हैं। ऐसे में पुलिस लगातार निगरानी बढ़ा रही है और अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए अभियान चला रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ आगे भी सघन जांच अभियान जारी रहेगा और किसी भी हाल में कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।