झारखंड पुलिस एसोसिएशन की पलामू शाखा का चुनाव शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह चुनाव 14 दिसंबर 2025 को झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप)-8, लेस्लीगंज, पलामू स्थित शाखा कार्यालय में आयोजित किया गया।
चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद नई शाखा कार्यकारिणी की घोषणा की गई। अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में अमित टोप्पो को 10 मत तथा रमाकांत राय को 37 मत प्राप्त हुए, जिसमें रमाकांत राय 27 मतों के अंतर से विजयी घोषित किए गए। वहीं सचिव पद के लिए प्रभुनाथ प्रसाद को 12 मत और सत्यनारायण सिंह को 35 मत मिले, जिसमें सत्यनारायण सिंह 23 मतों से विजयी हुए।
इसके अलावा उपाध्यक्ष पद पर जितेंद्र सिंह, संयुक्त सचिव पद पर मंगल किशोर राम तथा कोषाध्यक्ष पद पर राजेश तिवारी निर्विरोध निर्वाचित हुए। चुनाव संपन्न होने के पश्चात सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
चुनाव प्रक्रिया झारखंड पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई गई। चुनाव के दौरान सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही और पूरी प्रक्रिया सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई।
नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, पुलिसकर्मियों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने तथा उनके हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। चुनाव परिणाम की जानकारी संबंधित वरीय पदाधिकारियों को भी भेज दी गई है। इस अवसर पर शाखा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे और नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।