तरहसी (पलामू)। तरहसी थाना से लेकर सुभाष चौक होते हुए हाई स्कूल तक इन दिनों रोजाना घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है। अनियंत्रित तरीके से वाहन खड़े करने और सड़क पर ही सवारी भरने के कारण आम राहगीरों, स्कूली बच्चों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों में प्रेमचंद प्रसाद,नवीन प्रसाद बिट्टू कुमार दिलीप पांडेय ,प्रसाद साव शम्भू प्रसाद समेत कइयों का कहना है कि वाहन चालकों खासकर टेम्पू चालकों द्वारा सड़कों पर अनियंत्रित रूप से अपने वाहन खड़ा करने से बाजार में हमेशा जाम की स्तिथि रहती है। सुबह और दोपहर के समय स्थिति और भी विकट हो जाती है। स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को जाम के बीच से गुजरना पड़ता है, वहीं मरीजों को अस्पताल पहुंचने में देर हो जाती है। कई बार एंबुलेंस तक को रास्ता नहीं मिल पाता।
सबसे अधिक समस्या सुभाष चौक पर देखी जा रही है, जहां टेम्पू चालक यत्र-तत्र वाहन खड़ा कर सवारी भरते रहते हैं। सड़क अतिक्रमण के कारण भी वाहनों को साइड लेकर निकलने में दिक्कत होती है जाम का एक कारण यह भी है।
लोगों का आरोप है कि थाना क्षेत्र होने के बावजूद यातायात व्यवस्था को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही है। नियमित निगरानी और सख्ती के अभाव में स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सुभाष चौक पर स्थायी रूप से ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए, टेम्पू स्टैंड निर्धारित किया जाए और अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
(तरहसी से द मॉर्निंग प्रेस के लिए जैलेश की रिपोर्ट)