
झारखंड के प्रथम वन एवं पर्यावरण मंत्री और मनिका विधानसभा क्षेत्र में तीन दशक तक जनप्रतिनिधि रहे स्वर्गीय यमुना सिंह की पुण्यतिथि आज क्षेत्र में भावपूर्ण श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। जनता के बीच ‘हाथी सिंह’ नाम से विख्यात यमुना सिंह न केवल एक दमदार नेता थे, बल्कि गरीबों और वंचितों के लिए सच्चे मसीहा के रूप में हमेशा याद किए जाते हैं।
विधानसभा में अपनी तेज़तर्रार आवाज़ और अनोखे अंदाज़ के लिए मशहूर रहे स्व. सिंह हमेशा आम जनता की समस्याओं और उनके अधिकारों की पैरवी करते रहे। उनका संपूर्ण जीवन समाज सेवा और जनकल्याण को समर्पित रहा।
गरीबी से उठकर बनाया पहचान
गारू प्रखंड के कबरी कोटाम गांव के एक साधारण गरीब परिवार में जन्मे यमुना सिंह ने विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए राजनीति में ऊँचाइयाँ हासिल कीं। उन्होंने क्षेत्र के शैक्षणिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। कई विद्यालय और कॉलेज स्थापित कर उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि स्थानीय बच्चों को शिक्षा के लिए दूर-दराज़ न जाना पड़े।
प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे
उनकी पुण्यतिथि पर आज पूरा क्षेत्र उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। लोगों का कहना है कि यमुना सिंह की सेवाएँ, त्याग और संघर्ष हमेशा समाज को प्रेरित करते रहेंगे।
छिपादोहर से पंकज गिरी की रिपोर्ट