लेस्लीगंज (पलामू): लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के नवगढ़ कमलपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान फायरिंग में चली गोली से एक बाराती घायल हो गया। घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए मेदिनीनगर के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली उसके पैर में लगी है और डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गढ़वा जिले के लुगमा गांव से बारात नवगढ़ कमलपुर निवासी सुनील चौधरी के घर आई थी। रविवार देर रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच वरमाला कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान किसी ने फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान चली एक गोली बारात में शामिल कमल चौधरी (22) के पैर में जा लगी।
गोली लगते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तुरंत मेदिनीनगर स्थित सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
इस मामले में घायल कमल चौधरी ने नवगढ़ निवासी राकेश चौधरी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ लेस्लीगंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।