जमशेदपुर. अलहिन्द पब्लिक स्कूल कौशल विकास केंद्र के प्रांगण में “प्रमाण-पत्र वितरण सह सम्मान समारोह” हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा 2 के छात्र मोहम्मद अजहद द्वारा अलहम्द शरीफ के सुमधुर और भावपूर्ण उच्चारण से हुई, जिसने पूरे माहौल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया.
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अल-मनार की प्रिंसिपल श्रीमती माह रुख फातिमा उपस्थित रहीं. कार्यक्रम का संचालन मिस हिना प्रवीन एवं मिस मंतशा ने किया, जबकि श्री अब्दुल सत्तार ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया.
मुख्य अतिथि श्रीमती माह रुख फातिमा ने कौशल विकास केंद्र द्वारा किए जा रहे कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की और संस्था को भविष्य में और बेहतर कार्य करने की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने भावुक शब्दों में कहा कि यहां से प्रशिक्षित बेटियां अपने हुनर का उपयोग घर, परिवार और समाज की भलाई के लिए करें, यही इस तरह के प्रयासों की सबसे बड़ी सफलता है.
श्री फैयाज खान ने समाज के सबसे पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर देते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया. वहीं बहन शीरीन अख्तर ने कहा कि जिस समाज में शिक्षा आम हो जाती है, वह समाज कभी भी विकास की अंतिम पंक्ति में नहीं रह सकता.
मेहंदी प्रशिक्षिका शमा प्रवीन ने मेहंदी कला के विस्तार और स्वरोजगार की व्यापक संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए प्रशिक्षण के व्यावहारिक महत्व को रेखांकित किया.
CITSD की अध्यक्ष श्रीमती शकीला बानो ने अब तक किए गए कार्यों पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि संस्था का मूल उद्देश्य समाज में सतत और टिकाऊ परिवर्तन लाना है.
कौशल विकास केंद्र से प्रशिक्षित अलफिशा प्रवीन और नाज़ प्रवीन ने टेलरिंग एवं डिजाइनिंग का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अपना कार्य शुरू कर दिया है और वर्तमान में अपने परिवार की आर्थिक सहायता कर रही हैं. वहीं आसिया प्रवीन और मिस मारवी नाज़ मेहंदी आर्ट के माध्यम से शादी-विवाह में ऑर्डर लेकर सम्मानजनक आय अर्जित कर रही हैं, जिससे उनका आत्म-सम्मान भी बढ़ा है.
इस अवसर पर मिस अकसा सुमेल ने सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया. कार्यक्रम में ट्रस्ट की अध्यक्ष श्रीमती शकीला बानो, सेक्रेटरी मिस अकसा सुमेल, सीनियर टीचर मिस रेहाना खातून, टीचर सीमा प्रवीन, निशा प्रवीन, मंतशा, नाजनीन, अलहिन्द पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल फरजाना यासमीन, श्री अब्दुल सत्तार, पुरस्कार प्राप्तार्थियों के परिजन, टीचर हिना प्रवीन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे.