पलामू जिला के मनातू थाना क्षेत्र के केदल जंगल में गुरुवार देर रात पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस दौरान जिला पुलिस बल के दो जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल जवान का इलाज चिकित्सकों की टीम द्वारा किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि केदल जंगल में नक्सलियों का दल किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही विशेष अभियान के तहत पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। इस दौरान नक्सलियों ने पुलिस को देखते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में जिला पुलिस बल के जवान सुनील राम और संतन मेहता शहीद हो गए, जबकि जवान रोहित कुमार घायल हुए।

बताया जा रहा है कि मुठभेड़ में कई नक्सली भी घायल या मारे गए हैं, लेकिन अब तक उनके शव बरामद नहीं किए जा सके हैं। पुलिस पूरे क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चला रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पलामू के पुलिस कप्तान, डीएसपी समेत अन्य वरीय पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति की निगरानी करने लगे। एसपी ने शहीदों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें ढांढस बंधाया और घायल जवान का हालचाल लिया। घायल का ऑपरेशन डॉक्टर सुशील और प्रवीण सिद्धार्थ की टीम कर रही है।
इस दुखद घटना पर जिले के पुलिस अधिकारियों और जवानों ने गहरा शोक व्यक्त किया है और शहीद जवानों की वीरता को सलाम किया है।