
झारखंड में JSSC CGL पेपर लीक मामले में सीआईडी ने बड़ी कारवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में झारखंड पुलिस की इंडियन रिजर्व बटालियन गोड्डा के पांच जवान, असम राइफल का एक जवान, गृह रक्षा वाहिनी का एक जवान व असम राइफल के जवान का भतीजा शामिल है। पेपर लीक मामले का कथित मास्टरमाइंड गोरखपुर का निवासी है, जिसकी तलाश अभी भी जारी है।
आपको बता दें कि राज्य में 21 और 22 सितंबर 2024 को JSSC CGL की परीक्षा आयोजित की गई थी जिसमें परीक्षा से पहले पेपर लीक और छात्रों से धन उगाही का मामले सामने आया था। गिरफ्तार लोगों में चार बिहार के औरंगाबाद जिले के रहने वाले हैं, शेष झारखंड में कोडरमा, गिरिडीह और चतरा जिले के निवासी हैं।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी:
कुंदन कुमार उर्फ मंटू : ग्राम कदियाही, थाना ओबरा, जिला औरंगाबाद, बिहार। यह सिपाही नंबर 119 है जो आइआरबी-8 मुख्यालय गोड्डा में पदस्थापित है।
रोबिन कुमार : जिला गिरिडीह, झारखंड। यह सिपाही नंबर 105 है जो आइआरबी-8 गोड्डा का जवान है। वर्तमान में यह लातेहार के चंदवा स्थित बोद्दा पिकेट में प्रतिनियुक्त था।
अखिलेश कुमार : जिला कोडरमा, झारखंड। यह सिपाही नंबर 578 है जो आइआरबी-8 गोड्डा का जवान है। वर्तमान में यह लातेहार के चंदवा स्थित बोद्दा पिकेट में प्रतिनियुक्त था।
गौरव कुमार : थाना हंटरगंज, जिला चतरा, झारखंड। यह सिपाही नंबर 138 है जो आइआरबी-8 गोड्डा का जवान है। वर्तमान में यह लातेहार के चंदवा स्थित बोद्दा पिकेट में प्रतिनियुक्त था।
अभिलाश कुमार : जिला गिरिडीह, झारखंड। यह सिपाही नंबर 530 है जो आइआरबी-8 गोड्डा का जवान है। वर्तमान में यह लातेहार के हेरेंज थाना क्षेत्र के हुंबू पिकेट में प्रतिनियुक्त था।
राम निवास राय : जिला औरंगाबाद, बिहार। यह सिपाही नंबर 5012553 है जो असम रायफल का जवान है। वर्तमान में वह पंजाब के लुधियाना में प्रतिनियुक्त था।
निवास कुमार राय : जिला-औरंगाबाद, बिहार। यह गृह रक्षक संख्या 3858 है जो रामगढ़ जिला में तैनाथ था।
कविराज उर्फ मोटू : जिला औरंगाबाद, बिहार। यह असम राइफल के जवान राम निवास राय का भतीजा है।