डालटनगंज रेलवे कॉलोनी के समीप हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोमवार, 06 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 3 बजे गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को टीओपी-02 क्षेत्र अंतर्गत रेलवे कॉलोनी, डालटनगंज रेलवे स्टेशन के पास गोली चलने की सूचना मिली थी। सूचना प्राप्त होते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और टीओपी-02 प्रभारी अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
रेलवे लाइन के आसपास के सुनसान इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक पुलिस को दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के क्रम में एक युवक के पास से देशी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक चाकू बरामद किया गया। वहीं दूसरे युवक के पास से भी एक देशी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और लोहे का फाइटर बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कुल दो देशी पिस्तौल, दो जिंदा गोलियां, एक फायर किया हुआ खोखा, एक चाकू और एक लोहे का फाइटर जब्त किया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और पैसों की व्यवस्था करने के उद्देश्य से राहगीरों को हथियार दिखाकर लूटने की योजना बना रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के दौरान दोनों ने एक-एक राउंड फायरिंग की थी।
गिरफ्तार युवक रेलवे स्टेशन रोड, डालटनगंज थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस अभियान में थाना प्रभारी सहित टीओपी-02 के पदाधिकारी और टाइगर मोबाइल के जवान शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्ती और सघन जांच अभियान जारी रहेगा।