लेस्लीगंज प्रखंड क्षेत्र के पथरही स्थित फुलवारी मैदान में आयोजित पीपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा, जिसमें सिक्सर किंग 11 पथरही की टीम ने तुर्काडीह को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मैच का उद्घाटन मुख्य अतिथि कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष जैस रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक एवं नवल किशोर राय उर्फ डब्लू राय ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए तुर्काडीह की टीम ने निर्धारित 14 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी पथरही की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 120 रन का लक्ष्य 20 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया और टूर्नामेंट की विजेता बनी।
फाइनल मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अज़हर को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल के लिए दीपांशु दुबे को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया।
इस अवसर पर बिट्टू पाठक ने कहा कि ऐसे ग्रामीण स्तर के टूर्नामेंट युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का मंच प्रदान करते हैं। वहीं डब्लू राय ने खिलाड़ियों से खेल को अनुशासन, समर्पण और टीम भावना के साथ खेलने की अपील की। धन्यवाद ज्ञापन करते हुए पीपीएल के अध्यक्ष प्रभात दुबे ने सभी खिलाड़ियों, दर्शकों और आयोजन से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया। टूर्नामेंट का सफल संचालन विवेक दुबे ने किया।
मौके पर अरुण दुबे, मधुसूदन दुबे, मुरलीधर दुबे, शैलेश दुबे, मनोज दुबे, अध्यक्ष रामनारायण दुबे, कोषाध्यक्ष नीरज दुबे, सचिव रोहन दुबे, रोहित दुबे, व्यवस्थापक जितेंद्र दुबे, पंकज दुबे सहित सैकड़ों खेल प्रेमी मौजूद रहे।