
कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान के तहत रविवार को नीलाम्बर-पीताम्बरपुर और पांकी प्रखंड में रायशुमारी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक एवं सीईसी सदस्य डॉ. अमी याजनिक विशेष रूप से शामिल हुईं। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जिला पर्यवेक्षक विनय सिंह, दीपू सिन्हा और शशि भूषण राय भी उपस्थित रहे।
रायशुमारी की प्रक्रिया जिला कांग्रेस अध्यक्ष जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक और प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नेता मौजूद रहे और संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने को लेकर विचार साझा किए।
बैठक में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और आगामी चुनावों के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया गया। पर्यवेक्षक डॉ. अमी याजनिक ने कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की असली ताकत है। रायशुमारी से न केवल संगठन की कार्यप्रणाली को समझने में मदद मिलती है बल्कि जमीनी कार्यकर्ताओं की भागीदारी से लोकतांत्रिक परंपरा भी मजबूत होती है।
रायशुमारी के दौरान पार्टी के पुराने और नए कार्यकर्ताओं की राय ली गई। कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष सुशील तिवारी, उपाध्यक्ष हिदायत अंसारी, महासचिव अरविंद मिश्र, नंदकिशोर मिश्रा, अजय साहू, इसराइल खान, राजदेव पासवान समेत दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।