लेस्लीगंज (पलामू): लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के जामुनडीह गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ में चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने भाग लेकर श्रद्धालुओं को संबोधित किया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि हिंदू वांग्मय में श्रीमद्भागवत का विशेष और अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। सनातन संस्कृति में यज्ञ को आत्मा, संस्कार और जीवन मूल्यों से जोड़ा गया है। श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ न केवल जीवन जीने की सही दिशा दिखाता है, बल्कि मानव को संस्कारवान बनने, अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने की प्रेरणा और ईश्वर के प्रति अटूट भक्ति का मार्ग भी प्रशस्त करता है।
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और विशेष रूप से युवा पीढ़ी को अपनी परंपरा व संस्कृति से जुड़ने का सशक्त अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान यज्ञ समिति की ओर से सांसद कालीचरण सिंह सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र एवं प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में यज्ञ समिति के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों की सराहनीय भूमिका रही।