जिस विमान दुर्घटना में अजीत पवार की जान चली गई, उसी विमान की जांच पहले भी हो चुकी है जिसके रिपोर्ट संतोषजनक नहीं थे। जानकारी के अनुसार LEARJET 45XR श्रेणी का यह विमान सितंबर 2023 में मुंबई एयरपोर्ट पर गंभीर रूप से दुर्घटनाग्रस्त हो चुका था। उस हादसे में तीन लोग घायल हुए थे। इसके बावजूद तमाम तकनीकी खामियों से घिरे इस विमान को दोबारा उड़ान की अनुमति कैसे दी गई, यह अब बड़ा सवाल बन गया है।
सबसे अहम सवाल यह है कि इस विमान को फिर से उड़ाने की मंजूरी किसने दी और इस पूरी प्रक्रिया में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की भूमिका क्या रही? क्या सभी सुरक्षा मानकों और जांच प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन किया गया था?
सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, इस विमान का ऑपरेटर VSR Ventures बताया जा रहा है, जिस पर आरोप हैं कि वह पुराने और तकनीकी रूप से संदिग्ध विमानों को वीवीआईपी ड्यूटी में लगवाती रही है। कंपनी का कार्यालय दिल्ली के महिपालपुर इलाके में स्थित बताया जाता है।
मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार इस मामले में संपर्क करने की कई कोशिशें की गईं, लेकिन कंपनी के मालिक बताए जा रहे कैप्टन रोहित सिंह ने फोन नहीं उठाया। वहीं, कार्यालय के किसी भी प्रतिनिधि से भी संपर्क नहीं हो सका।
एविएशन एक्सपर्ट आवेश तिवारी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि अजीत पवार की मौत के पीछे की सच्चाई सामने लाने के लिए इस पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच बेहद जरूरी है, ताकि जिम्मेदारों की पहचान हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।