छिपादोहर, पंकज गिरि। छिपादोहर थाना क्षेत्र के कुचिला गांव निवासी लखपतिया देवी के निधन के बाद उनके परिजनों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के तहत दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह राशि इंडियन बैंक, छिपादोहर शाखा द्वारा सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद उपलब्ध कराई गई।
इंडियन बैंक छिपादोहर शाखा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शाखा प्रबंधक चिंतामणि पांडे ने मृतका के नामित परिजनों को दो लाख रुपये का चेक सौंपा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना आम नागरिकों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने वाली एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजना है। किसी बीमाधारक की असामयिक मृत्यु होने पर उसके नामित परिजन को योजना के तहत दो लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है।
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस योजना से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि कम प्रीमियम में यह योजना परिवारों को कठिन परिस्थितियों में आर्थिक संबल प्रदान करती है। लखपतिया देवी के निधन के बाद निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर उनके परिजनों को सहायता राशि उपलब्ध कराई गई, जिससे परिवार को संकट की घड़ी में राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में अरविंद चंद्रवंशी, प्रवीण पांडे, परमानंद कुमार, संजय तिर्की, विजय कुमार सहित बैंक के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।