पलामू संसदीय क्षेत्र के लिए यह गर्व और हर्ष का विषय है कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी हो गई है। डालटनगंज और गढ़वा रोड रेलवे स्टेशन से मुंबई के लिए सीधी ट्रेन सेवा को रेलवे बोर्ड ने नियमित परिचालन की स्वीकृति दे दी है।
ट्रेन संख्या 13379/13380 धनबाद–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस (साप्ताहिक), जो पहले ट्रायल के रूप में विशेष ट्रेन के तौर पर चलाई गई थी, अब नियमित रूप से संचालित होगी। इससे पलामू संसदीय क्षेत्र के यात्रियों को मुंबई आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।इस उपलब्धि के लिए क्षेत्र के सांसद श्री विष्णु दयाल राम के प्रयासों को अहम माना जा रहा है। उन्होंने ट्रेन के नियमित संचालन को लेकर रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर और व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर अनुरोध किया था।

नियमित परिचालन के शुभारंभ के अवसर पर 07 अप्रैल 2026 को प्रातः 4:30 बजे डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सांसद हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगे। कार्यक्रम में क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है। इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति पलामू संसदीय क्षेत्र की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया गया है।