सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज, पलामू में MIC एवं IIC 8.0 के तत्वावधान में AI वर्कशॉप समिट का सफल आयोजन किया गया। इस वर्कशॉप में बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक एवं तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हुए और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव, उसके अनुप्रयोगों एवं भविष्य की संभावनाओं को समझा।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसे मुख्य अतिथियों एवं माननीय प्राचार्य ने संयुक्त रूप से संपन्न किया। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजय कुमार सिंह द्वारा किया गया। अपने प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने शिक्षा, उद्योग और अनुसंधान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को नई तकनीकों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
वर्कशॉप का पहला सत्र अतिथि वक्ता श्री आकाश केशरी के वर्चुअल सेशन से प्रारंभ हुआ। उन्होंने प्रतियोगी प्रोग्रामिंग के महत्व के साथ-साथ प्लेसमेंट और इंटर्नशिप में AI आधारित कोडिंग की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी।
इसके बाद 17 वर्षीय युवा फाउंडर एवं AI प्रोडिजी यशवर्धन शर्मा ने अपनी AI सीखने की प्रेरणादायक यात्रा साझा की और युवाओं को नवाचार एवं स्टार्टअप संस्कृति की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।तीसरे सत्र में डॉ. नंद कुमार ज्योतिष, सहायक प्राध्यापक, BIT मेसरा, रांची ने IoT आधारित सेफ्टी क्रिटिकल सिस्टम पर विस्तृत एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान प्रस्तुत किया, जिसे प्रतिभागियों ने अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम का समापन डॉ. मुरली मनोहर के प्रेरक संबोधन के साथ हुआ। उन्होंने IIC के विजन और GEC पलामू में नवाचार संस्कृति को और सशक्त बनाने की दिशा में अपने विचार साझा किए। इस वर्कशॉप की सफलता में IIC 8.0 के छात्र समन्वयकों हिमांशु कुशवाहा, ज्योति कुमारी, शिवम सुधांशु, सुप्रियो चौधरी, पुरब चंद पंडित एवं सृष्टि शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कुल मिलाकर यह AI वर्कशॉप छात्रों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक साबित हुई और संस्थान की नवाचार, तकनीकी विकास एवं उद्यमिता के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करने वाली रही।