खरीफ विपणन मौसम वर्ष 2025–26 के अंतर्गत तरहसी प्रखंड के सेलारी और टरिया पैक्स में सोमवार को धान अधिप्राप्ति केंद्रों का शुभारंभ किया गया। प्रत्येक केंद्र की भंडारण क्षमता 100 मीट्रिक टन निर्धारित की गई है। टरिया पैक्स स्थित अधिप्राप्ति केंद्र का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य कृष्ण मुरारी सिंह ने फीता काटकर किया। इन केंद्रों का संचालन पैक्स अध्यक्ष दिनेश सिंह के नेतृत्व में किया जाएगा।
उद्घाटन अवसर पर टरिया पंचायत के मुखिया दीपक कुमार, पंचायत समिति सदस्य उदय बैठा, सांसद प्रतिनिधि अनिल सिंह, पंचायत सचिव नागेंद्र राम, संतु राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान उपस्थित थे।
इस मौके पर जिला परिषद सदस्य कृष्ण मुरारी सिंह ने धान अधिप्राप्ति केंद्रों के विलंब से खुलने पर सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यदि केंद्रों का उद्घाटन समय पर, यानी 1 नवंबर को किया गया होता, तो छोटे किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिल पाता। देरी के कारण लगभग 75 प्रतिशत किसान मजबूरी में अपना धान निजी व्यापारियों को मात्र 15 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेच चुके हैं, जो छोटे किसानों के हितों के खिलाफ है।
वहीं पंचायत समिति सदस्य उदय बैठा ने कहा कि इस वर्ष झारखंड, विशेषकर पलामू जिले में धान की पैदावार काफी अच्छी रही है। सरकार को पहले से तैयारी करनी चाहिए थी ताकि किसानों को अधिक लाभ मिल सके। हालांकि, अब अधिप्राप्ति केंद्र खुलने से शेष किसानों को कुछ राहत जरूर मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, सरकार द्वारा धान का समर्थन मूल्य 24.50 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है। पैक्स प्रबंधन ने बताया कि धान विक्रय के बाद किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान किया जाएगा। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि धान की खरीद वास्तविक वजन के आधार पर होगी और किसी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी।