
रिपोर्ट – जैलेश
नीलाम्बर-पीताम्बरपुर प्रखंड के चौरा गांव में बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रही दो महिलाएं इसकी चपेट में आ गईं। इस दर्दनाक घटना में 40 वर्षीय सुषमा देवी, पति आशीष भुइंया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 वर्षीय संगीता देवी, पति मनोज भुइंया गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पंचायत के मुखिया गुड्डू पासवान मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से दोनों महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नीलाम्बर-पीताम्बरपुर भिजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद संगीता देवी की हालत गंभीर देख उसे मेदिनीनगर के एमएमसीएच अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मुखिया गुड्डू पासवान ने मृतका के परिजनों को ढांढस बंधाया और तत्काल आर्थिक सहायता भी प्रदान की। गांव में घटना के बाद शोक की लहर है।
⚠️ आकाशीय बिजली से बचाव के लिए सावधानियां
प्रशासन व मौसम विभाग की ओर से ग्रामीणों और किसानों से अपील की गई है कि वे मानसून के दौरान विशेष सतर्कता बरतें। कुछ महत्वपूर्ण सुरक्षा उपाय इस प्रकार हैं:
1. खुले खेतों में बिजली कड़कने के समय न जाएं , मौसम खराब होने पर खेतों में काम करने से बचें।
2. बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लें, यह जानलेवा हो सकता है।
3. अगर बाहर हैं, तो तुरंत पक्के घर या सुरक्षित स्थान की ओर जाएं।
4. धातु से बनी चीजें जैसे मोबाइल, ट्रैक्टर, हल आदि से दूरी बनाए रखें।
5. मोबाइल अलर्ट पर ध्यान दें, मौसम विभाग के द्वारा जारी की गई चेतावनियों को अनदेखा न करें।
6. बिजली चमकने पर शरीर को छोटा बनाएं और ज़मीन से संपर्क कम करें, जैसे बैठ जाएं लेकिन लेटें नहीं।
7. गांवों में जागरूकता फैलाएं, ग्राम सभाओं और प्रचार माध्यमों से लोगों को समय पर जानकारी दें।
प्रशासन ने सभी ग्रामवासियों से अपील की है कि वे खराब मौसम में अतिरिक्त सतर्कता बरतें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।