पलामू जिला के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत द्वारिका और आसपास के गांवों में गोलगप्पा खाने के बाद 100 से अधिक बच्चे बीमार हो गए हैं। सभी बच्चों का इलाज ग्रामीण स्तर पर सीएचसी पांकी में किया जा रहा है। बच्चों में उल्टी, दस्त और डिहाइड्रेशन की शिकायत सामने आई है।
जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया और प्रभावित इलाकों में मेडिकल टीम के साथ एंबुलेंस भेजी गई। बताया जा रहा है कि महाशिवरात्रि के अवसर पर द्वारिका के रघुआखाड़ में मेला लगा था। इसी मेले में द्वारिका, यादव टोला, जमुआटांड़ समेत कई गांवों के बच्चों ने गोलगप्पा खाया था। रविवार रात से बच्चों की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई, जबकि सोमवार सुबह कई बच्चों की हालत और खराब हो गई।
ग्रामीणों ने मामले की सूचना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को दी, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। द्वारिका निवासी ध्रुव कुमार गुप्ता और पांकी के आशीष कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि मेला देखने गए बच्चों ने गोलगप्पा खाया था, जिसके बाद रात से ही उनकी तबीयत खराब होने लगी। पहले बच्चों का इलाज स्थानीय स्तर पर कराया गया, लेकिन बाद में कई और बच्चे भी बीमार पड़ गए।
पांकी के चिकित्सा प्रभारी महेंद्र प्रसाद ने बताया कि बच्चों के बीमार होने की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम और एंबुलेंस मौके पर भेजी गई है। मामले की जांच की जा रही है, वहीं कई ग्रामीण अपने स्तर से भी बच्चों का इलाज करा रहे हैं।